
अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरने से 7 की मौत, 12 घायल
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के सल्ट भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 7 यात्रियों के मौत की सूचना है। जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं, जहां दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
हादसे का शिकार हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड की थी, जिसका नंबर यूके 07 पीए 4025 है। बस सोमवार को सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी, जबकि मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। लेकिन डेढ़ घंटे बाद करीब 8 बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं बस के चालक व परिचालक ठीक बताए जा रहे हैं।
अल्मोड़ा जिला प्रशासन के मुताबिक मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। जबकि करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। इसमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण-विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। इस पूरे प्रकरण की सतत निगरानी की जा रही है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
हादसे में मृतकों के नाम गोविंद बल्लभ पुत्र कुलमणि मठपाल निवासी जमोली, उम्र 80 वर्ष, पार्वती देवी पत्नी गोविंद बल्लभ निवासी जमोली, उम्र 75 वर्ष, रिटायर्ड सूबेदार नंदन सिंह पुत्र भूपाल सिंह अधिकारी निवासी जमोली, उम्र 65 वर्ष, तारा देवी पत्नी महेश चंद्र निवासी बाली पटवारी क्षेत्र, उम्र 50 वर्ष, गणेश पुत्र भीम बहादुर उम्र 25 वर्ष, उमेश पुत्र नामालुम उम्र 25 वर्ष, जबकि एक मृतक की शिनाख्त की जा रही है। जबकि इस हादसे में 12 अन्य लोग घायल हुए हैं, सभी घायलों का उपचार भिकियासैंण अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर दो घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।








