कोटद्वार के दीपक कुमार को जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

कोटद्वार के दीपक कुमार को जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज

कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘बाबा’ दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए दीपक कुमार (मोहम्मद दीपक) को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दीपक की हत्या करने वाले को ₹2 लाख का इनाम देने की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

इस मामले में दीपक कुमार निवासी कोटद्वार ने 8 फरवरी को कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(3) बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष निवासी मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई। इसके बाद 9 फरवरी की सुबह आरोपी को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की गई।

एसएसपी पौड़ी ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस, बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस टीम लगातार संपर्क में रहकर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment