
जिंदा मरीज को मृत घोषित करने पर भड़का गुस्सा, चंदन हॉस्पिटल में एबीवीपी का हंगामा

हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में जिंदा मरीज को मृत घोषित किए जाने पर मंगलवार को माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर जोरदार हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण एक जीवित मरीज को रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया, जो न केवल अमानवीय है बल्कि हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है, उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद छात्र अस्पताल परिसर में नारेबाजी करते रहे और जिम्मेदार डॉक्टरों एवं प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही आम जनता की जान के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया है और मामले की जांच की बात कही है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच हॉस्पिटल में भर्ती मरीज और तीमारदार खासे परेशान दिखाई दिए।







