
रुद्रपुर गैंगरेप कांड में बड़ा खुलासा, पीड़ित महिला का देवर ही निकला मास्टरमाइंड
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में हुए रुद्रपुर गैंगरेप कांड का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक इस घिनौनी वारदात में पीड़िता का देवर ही मास्टरमाइंड निकला है। इस केस में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से डर के मारे एक आरोपी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बता दें कि 22 फरवरी 2026 को रुद्रपुर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला गई थी। 24 फरवरी को पीड़िता द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई, जिसके तहत मुकदमा दर्ज किया और तेजी से इस मामले की जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को पीड़िता अपने देवर के साथ सरस मेले से लौट रही थी। तभी मोदी मैदान के पास रात करीब 9 बजे देवर के परिचित तीन युवक वहां पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों द्वारा उसे सुनसान स्थान पर ले जाया गया। जहां दो युवकों ने उसके साथ गैंग रेप किया। अब जांच में सामने आया कि ये पूरी साजिश पहले से ही रची गई थी। इस पूरे पड्यंत्र का मास्टरमाइंड देवर ही था। उसी ने अपने दोस्तों को बुला कर दुष्कर्म करवाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया इस घटना से पहले ही देवर करण राजा रस्तोगी, विशाल और अभय सक्सेना उर्फ चाइना से मिल चुका था। पीड़िता को तीनों जबरन बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क की तरफ ले गए। पहले अभय और उसके बाद राजा रस्तोगी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान करण और विशाल वहां मौजूद थे। दोनों ने इस वारदात का विरोध नहीं किया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में पीड़िता का देवर करण, राजा रस्तोगी और विशाल शामिल है। चौथे आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना ने डर से जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।









