बजट पर कांग्रेस का हमला, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत बोले—सरकार के बजट से उत्तराखंड की जनता निराश

बजट पर कांग्रेस का हमला, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत बोले—सरकार के बजट से उत्तराखंड की जनता निराश

लालकुआँ। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता नितिन पंत ने कहा कि सरकार का यह बजट प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में बड़े-बड़े दावे किए गए हैं, लेकिन आम जनता को राहत देने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं दिखाई देता।

लालकुआँ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नितिन पंत ने कहा कि उत्तराखंड आज महंगाई, बेरोजगारी और लगातार बढ़ते पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार के बजट में इन मुद्दों के समाधान के लिए कोई स्पष्ट योजना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की उम्मीद लगाए बैठा है, मगर बजट में रोजगार सृजन के लिए ठोस कदमों का अभाव है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ना स्वाभाविक है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसानों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के लिए भी बजट में कोई बड़ी राहत नहीं दी गई है। पंत ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंकड़ों और घोषणाओं के सहारे बजट को आकर्षक दिखाने की कोशिश की है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी अपेक्षित प्रावधान नहीं किए गए हैं, जिससे प्रदेश के विकास की गति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि जनता को उम्मीद थी कि बजट में महंगाई से राहत और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

नितिन पंत ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार से जवाबदेही भी तय कराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment