
ट्रक और बाइक की टक्कर में समाजसेवी उदयवीर सिंह के इकलौते बेटे की मौत, दोस्त अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग

मृतक का फाइल फोटो
लालकुआं। नैनीताल जनपद के गोरापड़ाव क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक 15 वर्षीय छात्र सिद्धार्थ सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि उसका मित्र अयान गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना के बाद दोनों युवकों की बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना ने लालकुआं क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब नौ बजे हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरापड़ाव क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि लालकुआं निवासी दोनों किशोर हल्द्वानी बाजार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कथित रूप से विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज गति के ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई। दोनों किशोर सड़क पर जा गिरे जबकि बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।
वहीं हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरापड़ाव के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने लालकुआं के वार्ड नंबर चार में मातम पसार दिया है। हादसे में 17 वर्षीय सिद्धार्थ सिंह की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। सिद्धार्थ, राष्ट्रीय कराटे कोच उदयवीर सिंह का इकलौता पुत्र था और उसकी असमय मौत से हर आंख नम है।
सिद्धार्थ मोटाहल्दू स्थित सेंफोर्ड स्कूल में कक्षा 11 का मेधावी छात्र था। उसकी बड़ी बहन वंशिका सिंह ने हाल ही में नीट की परीक्षा दी है। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही घर पर रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया।
वहीं इस हादसे में 22 वर्षीय अयान पुत्र शमशेर गंभीर रूप से घायल हुआ है। अयान और सिद्धार्थ न सिर्फ पड़ोसी थे, बल्कि दोनों बेहद करीबी दोस्त भी थे। दोनों के घर लालकुआं के वार्ड नंबर चार में आमने-सामने हैं। गुरुवार को दोनों एक साथ घर से निकले थे, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह सफर सिद्धार्थ की जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।। वहीं गंभीर रूप से घायल अयान का उपचार अस्पताल में जारी है।
घटना के समय सिद्धार्थ की मां नीतू संतोषी सिंह, जो उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षिका हैं, बदायूं में परीक्षा देने गई हुई थीं। उनके साथ पिता उदयवीर सिंह भी मौजूद थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
समाजसेवी उदयवीर सिंह राष्ट्रीय स्तर के कराटे खिलाड़ी और कोच रहे हैं। उनके इकलौते बेटे की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मोहल्ले के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।









