
ऊधम सिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर घायल, दो गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित गैंगवार की साजिश को विफल करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार कांबिंग और दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में घायल हुए जितेन्द्र चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त रेनॉल्ट क्विड कार तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित खूनी गैंगवार और बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।








