
नई स्कूटी का इंडिकेटर टूटा देख गुस्से से तमतमाई पत्नी, धारदार हथियार से हमला कर पति को किया घायल
चंपावत। चंपावत जिले के लोहाघाट नगर से लगे एक गांव की शिक्षिका ने अपने शिक्षक पति पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।शोर गुल सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने लहूलुहान पति को अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देखते हुए घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घायल का चंपावत जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पाटन क्षेत्र में रहने वाले शिक्षक सुंदर नाथ गोस्वामी पर पारिवारिक विवाद के चलते गुरुवार देर रात उनकी शिक्षिका पत्नी ने हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के गले और हाथ पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घटना की जानकारी प्राप्त की गई।
बताया जा रहा है कि शिक्षक दंपती के बीच काफी लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को शिक्षक पति पत्नी की नई स्कूटी किसी काम से लेकर गया था। जब वापस लौटा तो स्कूटी का इंडिकेटर टूटा हुआ था। जिसके बाद दोनों के बीच काफी विवाद हुआ। पड़ोसियों के द्वारा किसी तरह दोनों को समझाकर शांत किया गया, लेकिन देर रात कहा-सुनी होने पर पत्नी ने पति पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। इस हमले में पति के गले और हाथ में गंभीर चोट आयीं हैं।
वहीं थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घटना पर अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।








