रेस्टोरेंट स्वामी से रंगदारी मांगने के आरोप में पांच तथाकथित मीडियाकर्मी गिरफ्तार

रेस्टोरेंट स्वामी से रंगदारी मांगने के आरोप में पांच तथाकथित मीडियाकर्मी गिरफ्तार

भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र में ‘रॉयल 2.0’ रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी मांगने वाले पांच कथित मीडियाकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर झूठी खबर चलाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हर महीने एक लाख रुपये मांगने का आरोप है।

रेस्टोरेंट रॉयल 2.0 के स्वामी अभिषेक कुमार ने मामले में थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। संचालक ने बताया कि इस तरह की घटनाओं से व्यवसायियों में डर का माहौल है। उन्होंने संबंधित लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

संचालक अभिषेक कुमार ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में कहा कि गुरुवार को दोपहर लगभग 3:00 बजे पांच पुरुष और दो महिलाएं उनके रेस्टोरेंट में अचानक घुसे और वीडियो बनाने लगे। उन लोगों ने हाथों में अलग-अलग मीडिया संस्थानों के माइक पकड़े हुए थे। खुद को पत्रकार बताते हुए उन्होंने रेस्टोरेंट की वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पूछे जाने पर आरोपियों ने रेस्टोरेंट संचालक को धमकाते हुए कहा कि वे अवैध तरीके से रेस्टोरेंट चलाकर बहुत मोटी कमाई कर रहे हैं।

आवेदन में संचालक ने कहा कि उक्त लोग रंगदारी को लेकर दबाव बनाने लगे। कहने लगे कि रेस्टोरेंट में बहुत कमाई होता है। उसमें हिस्सा देना होगा। उन्होंने प्रति माह एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। पीड़ित ने आवेदन में गौतम कुमार गर्जना, अरविंद कुमार, अजय कुमार, संजीव मिश्रा, मो शमीउल्लाह व दो महिला को आरोप लगाए हैं।

जोगसर थानाध्यक्ष के मुताबिक, आवेदन के आधार पर सभी लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस अब उन लोगों से क्रेडेंशियल और संस्थानों की वास्तविकता की जांच कर रही है। दोनों महिला को भी गिरफ्तार किया जायेगा। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा कि उक्त लोगों ने और कितने रेस्टोरेंट से रंगदारी के नाम पर अवैध वसूली की है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment