लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र में आधुनिक सीवर व्यवस्था को लेकर अहम बैठक, नई पेयजल लाइन भी जल्द होगी शुरू

लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र में आधुनिक सीवर व्यवस्था को लेकर अहम बैठक, नई पेयजल लाइन भी जल्द होगी शुरू

रिपोर्ट: संवाददाता लालकुआं

लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र में 38 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित सीवर योजना और नई पेयजल व्यवस्था को शुरु करने को लेकर नगर पंचायत सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम, नगर पंचायत और कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने योजना के क्रियान्वयन को लेकर विचार विमर्श किया और अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि करीब 12 से 13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी तथा 2100 कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे 1200 से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का नक्शा तैयार हो चुका है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने कहा पेयजल लाइन बिछाने के दौरान नगरवासियों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ी थीं, इसलिए इस बार विभाग एक वार्ड का कार्य पूरा करने के बाद ही दूसरे वार्ड में खुदाई का कार्य शुरू करे, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी ना हो। पेयजल निगम के अधिकारियों ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य कराने का भरोसा दिलाया। पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल वार्ड नंबर-6 के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से खुदाई की अनुमति लंबित है, अनुमति मिलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस बैठक में नई पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अहम जानकारी दी गई।

अधिशासी अभियंता शशि भूषण शाह ने बताया कि जलापूर्ति शुरू करने से पहले सभी घरों में पानी के मीटर लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं से 277 रुपये मासिक फिक्स चार्ज लिया जाएगा, जिसमें 20 हजार लीटर पानी शामिल होगा। इसके बाद अतिरिक्त खपत पर प्रति 1000 लीटर 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इस दौरान नगरवासियों ने मांग की, कि पानी का बिल पहले की तरह तीन माह में ही जारी किया जाए। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने उच्च स्तर पर वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

बैठक में पेयजल निगम के सहायक अभियंता वाईएस लसपाल, अपर सहायक अभियंता पेयजल निगम हर्ष बोरा, अपर सहायक अभियंता अनुज सिंह और सहायक अभियंता पेय जल निगम पुष्कर आर्य, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत, सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे, दीप्ति पांडे, नामित सभासद गौरव कपूर, विनोद श्रीवास्तव, तारा पांडे समेत नगर पंचायत के लिपिक सोनू भारती, कामेश भंडारी, मनोज बर्गली, कृष्ण कुमार, गोपाल खत्री समेत भारी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment