
भाजपा नेताओं पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां लगाने का आरोप, कांग्रेस ने उपजिलाधिकारी से की निष्पक्ष जांच की मांग
लालकुआं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लालकुआं में कांग्रेस और भाजपा के बीच विवाद गहराता जा रहा है। नगर कांग्रेस कमेटी लालकुआं ने भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी लालकुआं से इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पाण्डे ने उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेताओं द्वारा बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां प्रस्तुत की गई हैं।
कांग्रेस के मुताबिक, आपत्तियां यदि उचित आधार और सत्यापन के बिना लगाई गई हैं, तो इससे वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में किसी भी नाम को हटाने से पहले उचित सत्यापन और विधिसम्मत निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने की मांग की है।
कांग्रेस ने लालकुआं क्षेत्र में भाजपा नेताओं द्वारा लगाई गई आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक आपत्ति के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों और प्रमाणों का विधिवत सत्यापन तथा संबंधित मतदाताओं का भौतिक या दस्तावेजी सत्यापन कराने की मांग की है।
कांग्रेस का कहना है कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत तथ्य या प्रमाण देकर आपत्ति लगाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए और जांच पूरी होने तक किसी वास्तविक एवं पात्र मतदाता का नाम केवल राजनीतिक दबाव अथवा आधारहीन आपत्ति के कारण मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन पाण्डे, नरेश चौधरी, समाजसेवी दिनेश लोहनी, भुवन बिष्ट, पूर्व सभासद दीपक बत्रा सहित कई कांग्रेसी शामिल थे।









