
हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर बड़ी लूट, लाखों की नकदी समेत जेवर और 12 मोबाइल लूटे

हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने कमर्शियल ऑफिस में धावा बोलकर सनसनीखेज लूट को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 बदमाशों ने खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर ऑफिस में मौजूद लोगों को तमंचे के बल पर धमकाया और वहां जुए में लगी करीब आठ लाख रुपये की नकदी समेत सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन और 12 मोबाइल फोन लूट लिए और कार से बरेली रोड की ओर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात गोरापड़ाव क्षेत्र स्थित एक कमर्शियल ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ भी खेला जा रहा था। इसी दौरान ऑफिस के बाहर एक कार आकर रुकी। कार से करीब 8 से 10 लोग उतरे और हथियारों के साथ ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए और अंदर घुसते ही बदमाशों ने मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए। इसके बाद उन्होंने खुद को पुलिस की एसओजी टीम का सदस्य बताया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोग घबरा गए और उन्होंने इसे पुलिस की छापेमारी समझकर विरोध नहीं किया।
बदमाशों ने ऑफिस में रखी जुए की रकम अपने कब्जे में ले ली। पुलिस के मुताबिक, यह रकम करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों के हाथों से सोने की अंगूठियां भी उतरवा लीं और दो सोने की चेन भी लूट ली गईं।
इतना ही नहीं बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों के करीब 12 मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए और लूटपाट के बाद सभी आरोपी उसी कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। बदमाशों के पुलिस और एसओजी का नाम लेकर वारदात को अंजाम देने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। साथ ही पुलिस की सर्विलांस टीम भी सक्रिय कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना गंभीर है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं इस सनसनीखेज लूटपाट की वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है।









