
निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों पर गिरा मलबा, दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत-एक घायल
नैनीताल। नैनीताल जनपद के भीमताल के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में एक श्रमिक घायल हुआ है। इस मामले में मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
भीमताल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिक दब गए। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली भीमताल पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल, श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी भवाली तथा राजेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भीमताल सहित पुलिस टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया।
इस अभियान में उपनिरीक्षक अरविंद, उपनिरीक्षक सुशीला, अपर उपनिरीक्षक गणेश राणा एवं अपर महिला उपनिरीक्षक अंजुला जॉन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक झोपड़ी में एक महिला एवं एक पुरुष के शव रखे हुए मिले। मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग एवं मृतकों के परिजन मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक दोनों व्यक्ति अन्य श्रमिकों एवं ठेकेदार के साथ रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य में लगे हुए थे। निर्माण कार्य के दौरान दीवार का बेस तैयार करते समय अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो श्रमिकों की दबकर मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। घायल श्रमिक से पूछताछ में भी निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिकों के दबने की जानकारी प्राप्त हुई। घटना लगभग दोपहर 3:00 बजे के आसपास की बताई जा जा रही है।
मृतक श्रमिकों में गौरी देवी पत्नी महेंद्र (38 वर्ष) निवासी संजय नगर लालकुआं, हाल निवासी निसौला, भीमताल और हरीश थापा पुत्र दीपक थापा (18 वर्ष) निवासी उपरोक्त। जबकि घायल का नाम नेत्र बहादुर उर्फ संजू, निवासी उपरोक्त, तीनों श्रमिक मूल रूप से राजापुर नेपाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायल श्रमिक को उपचार हेतु डायल 112 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भीमताल भेजा गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसके माध्यम से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









