आदमखोर तेंदुए ने दिन-दहाड़े महिला को बनाया शिकार, मौत से ग्रामीण आक्रोशित

आदमखोर तेंदुए ने दिन-दहाड़े महिला को बनाया शिकार, मौत से ग्रामीण आक्रोशित

नैनीताल। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक के बाद अब ओखलकांडा ब्लॉक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दिन-दहाड़े तेंदुए के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। वहीं इस घटना से ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतका की पहचान रेखा देवी पत्नी पान सिंह, निवासी चमोली गांव, कीटोड़ा तोक (ओखलकांडा ब्लॉक) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को रेखा देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुआ रेखा देवी को पकड़कर करीब दो किलोमीटर तक जंगल के भीतर घसीट ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर अन्य महिलाओं ने शोर मचाया और मदद की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ ने महिला को नहीं छुड़ा पाए। कुछ ही देर में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियों की सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा आज एक महिला को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

वहीं हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ, भीमताल विधायक और सीएमओ नैनीताल मौके के लिए रवाना हो गए हैं। गांव में फिलहाल मातमी सन्नाटा पसरा है। मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों के मन में तेंदुए का खौफ बना हुआ है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment