जंगल में लकड़ी लेने गई महिला पर बाघ ने किया हमला, हुई दर्दनाक मौत

जंगल में लकड़ी लेने गई महिला पर बाघ ने किया हमला, हुई दर्दनाक मौत

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज के सांवल्दे गांव में बाघ के हमले से एक 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। मृतक महिला की पहचान सुखियां पत्नी चंदू सिंह निवासी सांवल्दे गांव के रूप में हुई है, जो बुक्सा समुदाय से थीं।

जानकारी के मुताबिक महिला सुखियां रोज की तरह गांव के पास स्थित जंगल में अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाघ महिला को पकड़कर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बाघ उसे काफी दूर ले जा चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला और उप निदेशक राहुल मिश्रा सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव जंगल के अंदर से बरामद किया गया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थिति बिगड़ती देख नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीण लाठी-डंडों, धारदार हथियारों के साथ जंगल की ओर बढ़ने लगे थे, जिन्हें समय रहते रोका गया। मौके पर एसएचओ रामनगर सहित अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया।

वहीं कॉर्बेट प्रशासन ने एहतियातन पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। अतिरिक्त वनकर्मियों की तैनाती भी की गई है और बाघ की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर अकेले न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि बाघ को ट्रैक करने और जरूरत पड़ने पर ट्रैंकुलाइज करने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कैमरा ट्रैप और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए ग्रामीणों को अनावश्यक जंगल में प्रवेश से बचना चाहिए।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment