
उत्तराखंड की मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू का बेहूदा बयान, कांग्रेस ने उठाए सवाल…वायरल विडिओ
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा के सामने एक बार फिर नई चुनौती खड़ी हो गई है। अंकिता भंडारी हत्याकांड का विवाद अभी चल ही रहा है, कि प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया, जिसने पार्टी और सरकार दोनों की आलोचना का मुद्दा बना दिया। बताया जा रहा है कि वीडियो 23 दिसंबर के एक कार्यक्रम का है, जिसमें गिरधारी लाल साहू कुछ युवाओं से बातचीत करते हुए विवादित टिप्पणी करते नजर आए।
वीडियो में वे युवाओं से पूछते हैं कि अब तक उनकी शादी क्यों नहीं हुई और कहते हैं कि इतनी उम्र में तो तीन-चार बच्चे हो जाते हैं। इसके बाद बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां 20 से 25 हजार रुपये में शादी के लिए युवतियां मिल जाती हैं। इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा और गिरधारी लाल साहू को खूब ट्रोल किया गया। पहले से ही अंकिता हत्याकांड को लेकर विपक्ष के निशाने पर फंसी भारतीय जनता पार्टी के लिए यह नया विवाद और असहज स्थिति पैदा कर गया।
वहीं कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा और गिरधारी लाल साहू पर हमलावर है। उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि यह बयान घोर निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर हमला है और इस प्रकार की सोच मानव तस्करी, बाल विवाह और महिला शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह बयान उस परिवार से आया है, जिसमें मंत्री स्वयं महिला सशक्तिकरण और बाल विकास मंत्रालय से जुड़ी हैं, और यह सरकार की कथनी और करनी में बड़े अंतर को दिखाता है। उन्होंने ऐसे बेहूदा बयान के लिए सार्वजनिक माफी की मांग की है।
हालांकि इस मामले के तूल पकड़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सफाई दी और माफी भी मांग ली। उन्होंने कहा कि उनका संबोधन तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।








