
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग, कांग्रेस ने नैनीताल में निकाला कैंडल मार्च
नैनीताल। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को नैनीताल में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने पहले हस्ताक्षर अभियान चलाया और इसके बाद कैंडल मार्च निकालकर हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराए जाने की मांग उठाई।
मंगलवार शाम करीब 5 बजे मल्लीताल स्थित पंत पार्क में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने एकत्र होकर अंकिता को न्याय दिलाने का संकल्प लिया। जहां से पंत पार्क, मॉल रोड होते हुए तल्लीताल गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने महात्मा गांधी को माल्यार्पण किया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड के आरोपी बेहद प्रभावशाली हैं और उन्हें राज्य के साथ-साथ केंद्र सरकार का भी संरक्षण प्राप्त है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने मुख्यमंत्री द्वारा अब अंकिता के परिजनों से मिलने की बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा था, तब मुख्यमंत्री क्यों नहीं मिले? अब दिखावटी संवेदना का कोई मतलब नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार की नीयत वास्तव में साफ है, तो सीबीआई से जांच हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पूरा प्रदेश एकजुट है और जनता आने वाले समय में भाजपा को इसका राजनीतिक जवाब देगी।
कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र सिंह पाल, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक रंजीत सिंह रावत, संजीव आर्या, चेयरमैन सरस्वती खेतवाल, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, नगर अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल, जया कर्नाटक, हरीश पनेरू सहित भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।








