
प्रेस क्लब हल्द्वानी की बैठक में कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष करने का प्रस्ताव पारित, उत्तरायणी शोभा यात्रा भव्य स्वागत व फल वितरण का लिया निर्णय
हल्द्वानी। प्रेस क्लब हल्द्वानी की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को क्लब अध्यक्ष संजय तलवाड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रेस क्लब की आगामी योजनाओं, नई सदस्यता प्रक्रिया तथा कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजय तलवाड़ ने बताया कि शीघ्र ही नई सदस्यता प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद कार्यकारिणी के चुनाव कराए जाएंगे। इस दौरान यह प्रस्ताव भी रखा गया कि प्रेस क्लब की कार्यकारिणी का कार्यकाल वर्तमान पांच वर्ष के स्थान पर दो वर्ष किया जाए, ताकि संगठन में नयापन बना रहे और कार्यों में अधिक सक्रियता आए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नई सदस्यता के अंतर्गत मान्यता प्राप्त समाचार पत्रों, डिजिटल पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को ही सदस्य बनाया जाएगा। सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया गया, जिसमें भगवान सिंह गंगोला, दिनेश जोशी, गिरीश जोशी और शाहबेज खान को सदस्य नामित किया गया है।
इस बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रेस क्लब हल्द्वानी द्वारा लोकपर्व उत्तरायणी के अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा का क्लब प्रांगण में स्वागत किया जाएगा और फल वितरण किया जाएगा।
बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। बैठक में भगवान सिंह गंगोला, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जोशी, महामंत्री रवि दुर्गापाल, गिरीश गोस्वामी, गिरीश जोशी, अनुपम गुप्ता, अरविंद मलिक, प्रवीण चोपड़ा, सुशील शर्मा, कमल जोशी, दीपक भंडारी, शाहबेज खान, मनोज पांडेय, अनुराग वर्मा और आशुतोष कोकिला सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।








