
शीत लहर का प्रकोप, नैनीताल जिले के इन स्कूलों में दो दिन छुट्टी

नैनीताल। उत्तराखंड में शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है और आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जनपद नैनीताल क्षेत्र में घना कोहरा एवं शीतलहर की स्थिति निरंतर बनी हुई है, जिससे विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार जनपद नैनीताल के भाबर मैदानी क्षेत्रों- तहसील हल्द्वानी, लालकुआँ, कालाढुंगी एवं रामनगर में संचालित समस्त प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5 तक) के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 16 जनवरी 2026 एवं 17 जनवरी 2026 (दो दिन) का अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को निर्देशित किया गया है कि उक्त आदेश की सूचना संबंधित क्षेत्रों के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों तक समय से पहुँचाई जाए। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।








