आईजी-एसएसपी आवास से समीप दिनदहाड़े चोरी, शातिर चोर बुजुर्ग महिला का लाखों का बक्सा ले उड़ा

आईजी-एसएसपी आवास से समीप दिनदहाड़े चोरी, शातिर चोर बुजुर्ग महिला का लाखों का बक्सा ले उड़ा

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि हल्द्वानी के पॉश इलाके बद्रीपुर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। आईजी और एसएसपी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर एक शातिर चोर ने किराएदार बनकर बुजुर्ग महिला को झांसे में लिया और घर से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी से भरा स्टील का बक्सा लेकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक वृहस्पतिवार दोपहर करीब 2 बजे एक युवक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचा और कमरा किराए पर लेने की बात कही। महिला जब उसे नीचे का कमरा दिखाने लगी तो युवक ने पत्नी को बुलाने की बात कहकर ध्यान भटकाया। इसी दौरान वह ऊपर के फ्लोर पर पहुंचा और भारी-भरकम स्टील का बक्सा कंधे पर उठाकर निकल गया।

जब महिला वापस कमरे में लौटी तो बक्सा गायब देख उसके होश उड़ गए। बक्से में करीब 5 लाख रुपये से अधिक के जेवरात, कपड़े और नकदी रखी थी। घटना की सूचना स्थानीय पार्षद रवि जोशी को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पार्षद रवि जोशी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस इलाके में आईजी, एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं, वहां से दिनदहाड़े चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

वहीं बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं और उनके दोनों बेटे बाहर नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के खुलासे की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर स्टील का बक्सा कंधे पर उठाकर बेखौफ तरीके से निकल जाता है, जिससे पुलिस की सतर्कता पर बड़ा सवाल उठ रहा है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment