लालकुआं में अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक दुकानों पर वन महकमें ने लगाए लाल निशान

लालकुआं में अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक दुकानों पर वन महकमें ने लगाए लाल निशान

लालकुआं। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज के वन कर्मियों ने गुरुवार को लालकुआं के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हाईवे के दोनों ओर बसे सैकड़ों प्रतिष्ठानों को अवैध बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दिनभर चले इस अभियान में वन विभाग की टीम द्वारा कुल 135 दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाए गए।

वन महकमें ने उक्त दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि 31 जनवरी तक उनके द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वन विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से बलपूर्वक अवैध निर्माण ध्वस्त करेगा।

वहीं इस अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाए जाने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मोटर मिस्त्रियों समेत अन्य व्यवसायियों में भय और चिंता का माहौल देखने को मिला।

टांडा रेंज के डिप्टी रेंजर विशन राम आर्य ने बताया कि हाईवे किनारे लंबे समय से अवैध तरीके से बने प्रतिष्ठानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है और निर्धारित समयावधि के बाद प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाया जाएगा।

वन विभाग की इस कार्रवाई से उक्त क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने की संभावना के मद्देनजर लोगों की चिन्ता बढ़ गई है। इधर उक्त भूमि पर बसे लोगों के मुताबिक वे बीते कई दशकों से यहां बसे हुए हैं और छोटा-मोटा कारोबार कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे नेशनल हाईवे से काफी दूर बसे हुए हैं, ऐसे में भी यदि उनको हटाया जाता है, तो रोजगार छिनने से उनके समक्ष रोज़ी-रोटी की समस्या उठ खड़ी होगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment