
गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी, बजट से पहले गैस उपभोक्ताओं को बड़ा झटका
नई दिल्ली। केंद्रीय बजट से ठीक पहले एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। 1 फरवरी 2026 आज से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं। जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में करीब 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1691.50 रुपये की जगह 1740.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये हो गई है। मुंबई में सिलेंडर अब 1642.50 रुपये की बजाय 1692 रुपये में मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसके दाम 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गए हैं।
वहीं घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। इंडियन ऑयल के आंकड़ों के मुताबिक 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 853 रुपये में मिल रहा है। पटना में इसकी कीमत 951 रुपये है। मुंबई में सिलेंडर 852.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये में उपलब्ध है। वहीं कारगिल में इसकी कीमत 985.50 रुपये, पुलवामा में 969 रुपये और बागेश्वर में 890.50 रुपये बनी हुई है।
बात करें पिछले कुछ वर्षों के बजट डे के ट्रेंड की, तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में आमतौर पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार पिछले 5 वर्षों में बजट के दिन घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर रहीं, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।








