
हल्द्वानी में सड़कों की हालत पर फूटा जनता का आक्रोश, जनप्रतिनिधियों पर लगाया उपेक्षा का आरोप
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड क्षेत्र स्थित पर्वतीय मोहल्ला, गली नंबर-11, फेस-2 में सड़क व नालियों की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वर्ष 2014 के बाद से आज तक सड़क और नालियों का कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ, जिससे बरसात के दिनों में नालियों का गंदा पानी घरों के भीतर घुस रहा है और जर्जर सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
समाजसेवी व पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि दुर्भाग्यवश अब तक सड़क एवं नालियों के पुनर्निर्माण के लिए कोई धनराशि स्वीकृत नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद अजय भट्ट, विधायक सुमित हृदयेश, मेयर गजराज बिष्ट और पार्षद राजेंद्र अग्रवाल केवल चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं और उसके बाद पांच वर्षों तक क्षेत्र की सुध नहीं लेते हैं। पिछले दस वर्षों में कोई भी जनप्रतिनिधि क्षेत्रवासियों की स्थिति देखने नहीं आया, जिससे जनता खुद को छला हुआ महसूस कर रही है।
अंजलि वर्मा ने चेतावनी दी कि पर्वतीय मोहल्ला फेस-2 की मातृशक्ति, बुजुर्ग, बहनें और स्थानीय निवासी सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। यदि शीघ्र ही सड़क व नालियों के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं की गई और पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो समस्त क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।








