हल्द्वानी में खौफनाक वारदात, बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

हल्द्वानी में खौफनाक वारदात, बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिसमें रिश्तों का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। घटना बरेली रोड क्षेत्र अंतर्गत राम मंदिर बगीचा इलाके में हुई, जहां पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को सरगर्मी से तलाश कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप जायसवाल घर पहुंचा और उसने अचानक छोटे भाई सोनू जायसवाल पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक आरोपी चिल्लाते हुए कह रहा था कि “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, कुछ नहीं कर पाया” और इसके बाद उसने पास पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर लगातार वार किए। आरोप है कि आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर भी बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिवार ने बीच-बचाव कर रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी, जिससे डर के कारण परिजन कमरे में बंद हो गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। बताया जा रहा है कि लगातार मारपीट के बाद सोनू बेहोश हो गया। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह अपने परिचित को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

वहीं पुलिस के पहुंचते ही आरोपी घर के पीछे वाले रास्ते से फरार हो गया। पुलिस ने घायल सोनू को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment