
अपनी ही सरकार पर बरसे भाजपा विधायक अरविंद पांडे, कहा काशीपुर केस में एसएसपी को तुरंत सस्पेंड करे सरकार
गदरपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह की मौत के मामले में सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार अपनी “इज्जत” बचाना चाहती है, तो तत्काल प्रभाव से ऊधमसिंह नगर के एसएसपी को सस्पेंड किया जाए।
विधायक अरविंद पांडे ने एसएसपी मणिकांत मिश्र को तंज कसते हुए “मनीकांत” कहकर संबोधित किया और कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार तुरंत कार्रवाई नहीं करती है, तो वह प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
विधायक ने कहा कि किसान की मौत केवल एक घटना नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनहीनता का प्रतीक बन गई है। उन्होंने साफ कहा कि जनता जवाब चाहती है और इस मामले में ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मामले पर अब प्रशासन और सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है, वहीं किसान की मौत को लेकर पूरे क्षेत्र में गुस्से का माहौल बना हुआ है।








