अतिक्रमण को लेकर एक्शन में धामी सरकार, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय भी आए जद में

अतिक्रमण को लेकर एक्शन में धामी सरकार, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय भी आए जद में

तहसील प्रशासन ने गुलरभोज आवास पर किया नोटिस चस्पा, 15 दिन में हटाए अतिक्रमण वर्ना होगा ध्वस्त

ऊधमसिंह नगर। अतिक्रमण के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्त मुहिम में अब बड़े राजनीतिक नाम भी शामिल हो चुके हैं। इसके तहत पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा विधायक अरविंद पांडेय का गूलरभोज स्थित आवास भी प्रशासन की कार्रवाई की जद में आ गया है। तहसील प्रशासन ने उनके आवास पर अतिक्रमण हटाने का नोटिस तामील कराते हुए 15 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दे दिया है।

मंगलवार शाम तहसील के कानूनगो भगत सिंह और हल्का लेखपाल जितेंद्र कुमार गूलरभोज स्थित विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचे। विधायक की अनुपस्थिति में उनके पुत्र अतुल पांडेय को नोटिस तामील कराया गया।
नोटिस के मुताबिक उच्च न्यायालय नैनीताल में दायर याचिका संख्या 192/2024 (एमएस) में पारित आदेश दिनांक 26 दिसंबर 2024 के अनुपालन में राजकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच की गई। जांच में ग्राम गूलरभोज, खाता संख्या 64, खसरा संख्या 12ग, रकबा 0.158 हेक्टेयर, श्रेणी 5-1 (नई परती) भूमि पर अवैध अतिक्रमण पाया गया है।

प्रशासन ने नोटिस में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के विभिन्न आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि 15 दिवस के भीतर स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया जाएगा। वहीं नोटिस की भनक लगते ही विधायक के समर्थकों का उनके आवास पर जमावड़ा लग गया। इस बीच विधायक पुत्र अतुल पांडेय ने 11 साल बाद अतिक्रमण का संज्ञान लेने पर तहसील प्रशासन को तंज कसते हुए साधुवाद दिया।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment