
जंगल में मिला संदिग्ध परिस्थितियों में हाथी का शव, वन महकमें में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर डिवीजन की पीपल पड़ाव रेंज अंतर्गत तिलपुरी गांव में एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच हुआ है। शनिवार को ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक गदरपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस रेंज में हाथी का शव मिलने से वन विभाग में खलबली मची हुई है। सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी पूरनचंद जोशी और एसडीओ शशि देव सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग ने पूरे क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। विभाग द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं डीएफओ रुद्रपुर उमेश चंद तिवारी ने बताया कि विभाग हर पहलू से इसकी जांच कर रहा है। वहीं घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वन क्षेत्र की ओर अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। वन विभाग की टीम द्वारा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।






