विंटर कार्निवाल व नववर्ष से पहले नैनीताल में हाई सिक्योरिटी अलर्ट, डीजीपी उत्तराखण्ड की सीधी मॉनिटरिंग में एसएसपी मंजुनाथ टीसी का कड़ा एक्शन

विंटर कार्निवाल व नववर्ष से पहले नैनीताल में हाई सिक्योरिटी अलर्ट, डीजीपी उत्तराखण्ड की सीधी मॉनिटरिंग में एसएसपी मंजुनाथ टीसी का कड़ा एक्शन

बॉर्डर से शहर तक सघन चेकिंग, सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

रिपोर्ट : ऐजाज जर्नलिस्ट

नैनीताल। विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव तथा आगामी क्रिसमस, 31 दिसम्बर और नववर्ष 2025 के मद्देनजर जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था व सैलानियों की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा स्वयं कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करते हुए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में बुधवार, 24 दिसम्बर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना–चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रमों की समाप्ति तक सभी अधिकारी बावर्दी रहेंगे, मोबाइल फोन हर समय ऑन रखेंगे तथा संचार उपकरण अनिवार्य रूप से साथ रखेंगे। जनपद के सभी बैरियरों पर वीडियो कैमरों के साथ पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दिन-रात सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाएगी। बॉर्डर एरिया एवं प्रमुख प्रवेश मार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

होटल व रिसॉर्ट में ठहरने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए फॉर्म-सी भरना अनिवार्य किया गया है। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित होटल/रिसॉर्ट संचालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में होटल संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, अफवाहपूर्ण या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी नैनीताल ने कहा कि विंटर कार्निवाल आठ वर्षों बाद पुनः आयोजित हो रहा है, यह हर्षोल्लास का पर्व है। सभी लोग कानून के दायरे में रहकर उत्सव का आनंद लें। कानून का उल्लंघन करने या माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment