
हल्द्वानी पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 207 ग्राम स्मैक बरामद, लाखों की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत नैनीताल पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में हल्द्वानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने 15 जनवरी 2026 को विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मुखानी क्षेत्र में यह बड़ी कार्रवाई की है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोका, जिनकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों में धनपाल पुत्र रामसहाय, निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढुगा थाना काठगोदाम जनपद नैनीताल के कब्जे से 125 ग्राम स्मैक बरामद की गई। वहीं रामचन्द्र पुत्र लीलाधर निवासी भेटाखास थाना कटरा तहसील तिलहर जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के पास से 82 ग्राम स्मैक मिली। इस प्रकार पुलिस ने कुल 207 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना मुखानी में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं स्मैक के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए स्मैक लाकर उसकी बिक्री करते थे। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
नैनीताल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी है। यदि पूर्व में इनके खिलाफ कोई मामला दर्ज पाया जाता है तो उस आधार पर और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल बंशीधर जोशी, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा (एसओजी) और कांस्टेबल संतोष बिष्ट (एसओजी) शामिल रहे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने टीम की सराहना करते हुए 2,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।








