
दुष्कर्म केस में लापरवाही पड़ी भारी, लालकुआं थाने की महिला दरोगा मंजू यादव निलंबित
लालकुआं। महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक मंजू यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर दुष्कर्म प्रकरण की विवेचना के दौरान प्रतिवादी को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगा था।
जानकारी के मुताबिक अक्टूबर 2025 में लालकुआं थाने में एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इस प्रकरण की विवेचना कर रहीं महिला एसआई मंजू यादव ने आरोपी भगवत सरण के पक्ष में झुकाव दिखाते हुए जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया।
मामले की आंतरिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कठोर रुख अपनाते हुए महिला दरोगा को निलंबित करने के आदेश जारी किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








