हल्द्वानी में देर रात आईजी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, पुलिस नाके व बैरियर और चौकियों पर मचा हड़कंप

हल्द्वानी में देर रात आईजी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, पुलिस नाके व बैरियर और चौकियों पर मचा हड़कंप

हल्द्वानी। हल्द्वानी में देर रात कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों और चौकी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। 12/13 फरवरी 2026 की रात हुए इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना था।

आईजी ने निरीक्षण के दौरान स्वयं वाहनों की चेकिंग की और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। नाकों और बैरियरों पर आगंतुकों तथा वाहनों की आवाजाही से संबंधित रजिस्टरों की जांच में कई खामियां पाई गईं। इस पर संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से सभी रजिस्टर अपडेट कर एक दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

वहीं चौकी क्षेत्रों में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब अवस्था में पाए गए और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आईजी कुमाऊं ने कड़ी नाराजगी जताई और सभी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गश्त पर तैनात कुछ कर्मचारियों के पास बीट बुक/ई-बीट बुक और वायरलेस सेट उपलब्ध नहीं पाए जाने पर भी आईजी ने आपत्ति जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गश्ती कर्मचारी के पास बीट बुक या ई-बीट बुक अनिवार्य रूप से हो, उसमें सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों का पूरा विवरण दर्ज किया जाए तथा वायरलेस सेट के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए।

आईजी कुमाऊं ने स्पष्ट कहा कि नाके, बैरियर, सीसीटीवी निगरानी और बीट प्रणाली पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ियां हैं और इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई ओवरलोड वाहनों को भी सीज कराया गया। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था, सतर्कता और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment