
सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से बड़ा हादसा, पुलिस इंस्पेक्टर की मौत-कई घायल
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां मेले में लगे झूले का पहले एक सिरा टूटा जिसे देख बचाने के लिए लोग आगे बढ़े और उस पर चढ़ गए। इसी दौरान झूले का दूसरा सिरा भी टूट गया और लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 6:15 के आसपास यह घटना हुई। यहां पर लगे झूले का एक सिरा गिरा था, उस दौरान अधिक लोग चपेट में नहीं आए थे, लेकिन बचाने के लिए जब लोग उस पर चढ़े तो झूले का दूसरा सिरा भी टूट गया। इस घटना में 13 लोग घायल हुए हैं। हरियाणा पुलिस के एक इंस्पेक्टर की इस हादसे में जान चली गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा। घटना के बाद मौके पर पुलिस टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य एजेंसियों की टीमें पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल क्रेन के जरिए झूले को हटा दिया गया है। हादसे के बाद मेले में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बता दें कि सूरजकुंड मेला प्रत्येक वर्ष लगता है, जिसमें हरियाणा और दिल्ली सहित अन्य हिस्सों से लोग अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं और एंजॉय करते हैं, लेकिन शनिवार को यहां दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश की मौत हुई है, वे ड्यूटी पर तैनात थे और लोगों को बचाने के दौरान चपेट में आ गए। डीजीपी अजय सिंघल ने इसे पुलिस विभाग की अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार को 1 करोड़ की सहायता और अन्य विभागीय लाभ देने की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले निरीक्षक जगदीश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले थे। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी पर तैनात किए गए थे। इस दुर्घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें सहायक उपनिरीक्षक नीलय, सुनील, हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अनीशा, शिवानी और परविंदर शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल हादसे में घायल लोगों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार व पुलिस विभाग उनकी मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








