राधिका ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के 4 शातिर चोर गिरफ्तार

राधिका ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के 4 शातिर चोर गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी के बहुचर्चित राधिका ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस चोरी की घटना में शामिल एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चोरी से पहले ज्वेलर्स की रेकी करने के उद्देश्य से राधिका ज्वेलर्स के बगल की दुकान में किरायेदार बनकर रह रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में बसंत खत्री (नेपाल), तनवीर अहमद (महाराष्ट्र) और इमरान शेख और मकसूद शेख (झारखंड) के रहने वाले अपराधी शामिल हैं। गिरोह का मुख्य सरगना झारखंड निवासी मकसूद और महाराष्ट्र निवासी तनवीर बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 54 ग्राम सोना और 7.25 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।

इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस चोरी में चार से अधिक आरोपी शामिल थे, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चोर गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि राधिका ज्वेलर्स में चोरी की यह वारदात 20 दिसंबर को अंजाम दी गई थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment