हल्द्वानी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में हुए दोहरे हत्याकांड के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष टीम गठित की थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।

बृहस्पतिवार 12 फरवरी की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया निवासी ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतका के साथ छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ। विरोध करने पर पहले शुभम की हत्या कर दी गई और घटना छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया गया। पहचान मिटाने के उद्देश्य से दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गौरव नेगी और दीपेश लटवाल पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में अनेक मामले दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए कहा कि जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर कोतवाली हल्द्वानी, जगदीप नेगी थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर, उप निरीक्षक प्रेम राम विश्वकर्मा प्रभारी चौकी मंडी, उप निरीक्षक कृपाल सिंह प्रभारी चौकी हीरानगर, उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार प्रभारी चौकी मालधनचौड़, उप निरीक्षक आरती कोतवाली हल्द्वानी समेत कई पुलिस कर्मी शामिल रहे।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment