
लालकुआं में विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर बिंदुखत्ता निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
हल्दूचौड़ जग्गी डी-क्लास निवासी मृतका के पिता दिनेश चंद्र भट्ट ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बेटी के ससुराल पक्ष से फोन आया कि उनकी बेटी सीमा को अचानक चक्कर आ गया और वह गिर गई। इसके बाद उसे रुद्रपुर के एक अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक जब वे अस्पताल पहुंचे तो बेटी का शव पहले से ही मोर्चरी में रखा हुआ मिला।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में सीमा का विवाह गांधीनगर निवासी रमेश कुनियाल से हुआ था। सीमा दो बच्चों एक पुत्र और एक पुत्री की मां थी।
बताया जा रहा है कि लगभग चार वर्ष पूर्व घरेलू विवाद को लेकर सीमा ने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी, हालांकि बाद में आपसी राजीनामा हो गया था। परिजनों के अनुसार उनका दामाद होटल लाइन में बाहर काम करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था।
मृतका के मायके वालों ने सवाल उठाया कि “सिर्फ चक्कर आने से किसी की मौत कैसे हो सकती है?” उनका कहना है कि सीमा के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका और गहरी लग रही है। परिजनों ने इस दुखद घटना पर न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।
मौत का वास्तविक कारण क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजन गम और आक्रोश में हैं, वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।








