एसएसपी नैनीताल का बड़ा एक्शन लापरवाह पुलिस कर्मी सस्पेंड, मुकदमा दर्ज

एसएसपी नैनीताल का बड़ा एक्शन लापरवाह पुलिस कर्मी सस्पेंड, मुकदमा दर्ज

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने वाहनों के संचालन और कर्तव्य पालन में लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। जिले में नियमों की अवहेलना करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति (जीरो टॉलरेंस) लागू करने का संदेश देते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में तैनात कांस्टेबल राकेश बोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक कांस्टेबल राकेश बोरा ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए तल्लीताल क्षेत्र के फांसी गधेरा के पास तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई। घटना के संज्ञान में आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने फौरन कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी के विरुद्ध थाना तल्लीताल में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ ने कहा कि पुलिस बल एक अनुशासित संगठन है और किसी भी स्तर पर शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थान पर अनुशासनहीन आचरण करने या कानून तोड़ने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पुलिसकर्मी चाहे किसी भी रैंक या पद पर क्यों न हो, उसके खिलाफ तुरंत कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी और सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया जाएगा।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment