
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूरन सिंह रजवार का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
लालकुआं। कांग्रेसी नेता व नगर पंचायत लालकुआं के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष पूरन सिंह रजवार का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने हल्द्वानी स्थित कृष्णा अस्पताल में उपचार के दौरान शाम करीब 5 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज शनिवार सुबह अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उनके पुत्र रघुवीर सिंह रजवार एवं विनय रजवार उन्हें अन्य परिजनों के साथ तत्काल हल्द्वानी के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूरन सिंह रजवार ने सेंचुरी पेपर मिल में लंबे समय तक सेवाएं दीं और करीब दो वर्ष पूर्व वे सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहे और मां अवंतिका कुंज देवी मंदिर में अध्यक्ष के रूप में सेवा देते रहे।
स्व0 पूरन सिंह रजवार क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी, कुशल वक्ता एवं ख्याति प्राप्त मंच संचालक भी थे। उनकी बुलंद आवाज और प्रभावशाली संचालन शैली की गूंज बड़े कार्यक्रमों और मंचों पर हमेशा सुनाई देती रही।
स्व0 पूरन सिंह रजवार का स्वभाव अत्यंत मिलनसार, प्रेमपूर्ण एवं व्यवहार कुशल था। समाज के हर वर्ग में उनकी अपनी अलग पहचान थी। उनके निधन का समाचार मिलते ही वार्ड नंबर दो स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।








