
बाघ के हमले में किशोर की दर्दनाक मौत, घर से कुछ दूरी पर मिला शव
जसपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में पशुओं को चारा डालने गए किशोर को बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। स्वजनों ने जब उसकी चीख सुनी तो दौड़कर बाहर आए, लेकिन तब तक बाघ भाग चुका था। किशोर का शव घर के पास ही मिला।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम तीरथ नगर स्थित सुंदर नगर कालोनी निवासी किसान छिंदर सिंह का 15 वर्षीय पुत्र अमरीक सिंह उर्फ बब्बू शनिवार को तीन बजे घर के बाहर पशुओं को चारा डालने गया था। तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया और घसीटकर ले गया। चीख सुन स्वजन बाहर निकले, लेकिन अमरीक नहीं मिला। खोजबीन के दौरान उसका शव कुछ दूरी पर पाया गया।
मृतक किशोर के पिता छिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा स्कूल से आने के बाद वह पशुओं को चारा डालने गया था, तभी बाघ उसे उठाकर ले गया। उसके पीछे भागने और शोर मचाने पर बाघ भाग गया। स्थानीय लोगों ने बाघ को पकड़ने और मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
वहीं मौके पर पहुंचे डीएफओ प्रकाश चंद आर्य ने बताया कि तीर्थ नगर में एक किशोर स्कूल से आया था और जंगल की तरफ गया, तभी वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में विभागीय कार्यवाही की जा रही है और विभाग से परमिशन मांगकर हमलावर बाघ को यहां से हटाया जायेगा। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से जो भी मुआवजा दिया जाता है, उसकी कार्यवाही भी तत्काल प्रारम्भ कर दी गई है। विभाग द्वारा पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता के प्रयास किए जायेंगे।






