
कोटा रेंज में बाघ ने युवक को बनाया शिकार, जंगल में मिला शव
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के जंगल में रविवार को बाघ के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने का कार्य कर रहा था। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक कोटा रेंज के भलोन क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसी कार्य में लगे बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी 30 वर्षीय अभिमन्यु शाह पुत्र भगैलू शाह रविवार को जंगल के समीप काम करने गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद जब अभिमन्यु अपने कमरे की ओर लौट रहा था, तभी करीब छह बजे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ युवक को खींचते हुए जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों के बताया उस समय अभिमन्यु के साथ अन्य मजदूर भी थे, लेकिन अचानक हुए हमले से वे कुछ कर नहीं सके।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। देर रात तक चले अभियान के दौरान युवक का शव जंगल से बरामद कर लिया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कई राउंड फायरिंग भी की गई।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि मृतक कुछ माह पहले ही अपने साथियों के साथ यहां मजदूरी करने आया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों से जंगल की ओर न जाने की अपील भी की जा रही है। इधर वन विभाग की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं घटना के बाद जंगल से सटे क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।








