
लालकुआं : भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला-पुरुष की दर्दनाक मौत, चालक, वाहन सहित फरार
लालकुआं। लालकुआं नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला और पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी सवार लालकुआं से वीआईपी गेट क्षेत्र की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे से आए अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर वाहन की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला और पुरुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक पुरुष, सिर पर मिल का हेलमेट तथा पैरों में सेफ्टी शूज पहने हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी औद्योगिक संस्थान में कार्यरत हो सकता है।
वहीं इस दर्दनाक हादसे की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।








