
खनन से लदे बेलगाम डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौत से गुस्साई भीड़ ने डंपर में लगाई आग
काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। खनन सामग्री से लदे एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने डंपर में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
इस हादसे में मृतक की पहचान काशीपुर क्षेत्र के ढकिया नंबर एक निवासी जयपाल सिंह (58) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जयपाल सिंह सोमवार सुबह करीब 8 बजे बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे खनन सामग्री से लदे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने डंपर में आग लगा दी। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया और भीड़ को शांत कराया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने खनन वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।








