
यहां रिश्वत लेते चौकी प्रभारी का वीडियो वायरल, एसएसपी ने किया निलंबित
हरिद्वार। हरिद्वार जिले के रुड़की के मंगलौर कोतवाली अंतर्गत लंढौरा पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक महिपाल सैनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे कथित तौर पर टैंकरों से तेल निकालने वाले लोगों से घूस लेते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने उपनिरीक्षक महिपाल सैनी को प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता तथा भ्रष्टाचार के आरोप में लंढौरा चौकी प्रभारी पद से हटाकर तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन रोशनाबाद संबद्ध कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा भ्रष्टाचार, लापरवाही या गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होने पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।








