
एसआईआर बैठक में भाजपा और कांग्रेस में हुए विवाद के बाद गरमाई सियासत, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर एफआईआर


रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा बैठक में हुए विवाद के बाद ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर की सियासत गरमा गई है। मामले में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में एलायंस कॉलोनी स्थित आवास पर भी पहुंची, लेकिन ठुकराल घर पर नहीं मिले।
ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में सोमवार को कलेक्ट्रेट में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में एसआईआर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान भाजपा विधायक शिव अरोड़ा व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और कांग्रेस नेता पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच आपत्तियों को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई।
बैठक में विवाद के बाद विधायक शिव अरोड़ा अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। विधायक और उनके समर्थकों ने मामले में कार्रवाई की मांग की।
देर रात सहायक निर्वाचन अधिकारी की शिकायत पर पंतनगर थाने में राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम राजकुमार ठुकराल के एलायंस कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, उस समय राजकुमार ठुकराल घर पर मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।
वहीं, इस मामले में कांग्रेस नेता पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी सिडकुल पुलिस को शिकायत दी है। उनकी शिकायत पर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण से जुड़े आरोपों और दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसआईआर बैठक में हुए इस विवाद के बाद ऊधमसिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर की सियासत में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता जा रहा है।









