
हरेला गार्डन में वृक्षारोपण के साथ 15-दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान का हुआ समापन

पंतनगर। 31 जुलाई, 2026। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुलपति डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा हरेला उद्यान में वृक्षारोपण कर 15-दिवसीय ‘हरित यज्ञ’ अभियान का समापन किया गया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि ‘हरित यज्ञ’ केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का एक जनआंदोलन है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों के कारण विश्वविद्यालय परिसर में अभूतपूर्व स्तर पर वृक्षारोपण संभव हो सका है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विश्वविद्यालय फार्म, सभी अनुसंधान केन्द्रों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, विष्वविद्यालय के पार्कों, कृषि विज्ञान केन्द्रों एवं उनसे जुड़े गांवों, विश्वविद्यालय के परिसर एवं मुख्य सड़कों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया है। इससे न केवल विश्वविद्यालय का हरित क्षेत्र बढ़ेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी।
कुलपति ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक लगाए गए पौधे का संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में विशाल वृक्ष बनकर मानव जीवन, वन्यजीवों और पर्यावरण के लिए अमूल्य संपदा सिद्ध होगा। लगभग चार वर्ष बाद यही पौधे छाया, स्वच्छ वायु, फल, जैव विविधता के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे असंख्य जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आश्रय हैं और पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व का आधार भी हैं। इनके बिना स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त ऑक्सीजन और स्वस्थ जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को देश का सबसे हरित एवं स्वच्छ शिक्षण संस्थान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और विश्वविद्यालय इस दिशा में समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनने का कार्य कर रहा है।
कुलपति ने ‘हरित यज्ञ’ अभियान को सफल बनाने के लिए वृक्षारोपण के लिए पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर मुख्य महाप्रबंधक, फार्म डा. आर.पी. सिंह को विशेष रूप से बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय फार्म के कर्मचारियों को वर्षा ऋतु में सुरक्षित एवं सुचारु रूप से कार्य करने हेतु सुरक्षा उपकरण वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डा. आर.पी. सिंह द्वारा कुलपति का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक संचार डा. जे.पी. जायसवाल, मुख्य महाप्रबंधक (आपरेशन) डा. अमित भटनागर, सह महाप्रबंधक (टेक्नीकल फार्म) डा. पंकज कुमार, डा. वी.पी. सिंह, डा. पी.वी. सिंह, डा. प्रविन्दर कुमार, सहायक कृषि अभियंता श्री विकेश एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।








