सरस मेले से देवर संग लौट रही महिला से हथियारों के बल पर सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस जांच में जुटी

सरस मेले से देवर संग लौट रही महिला से हथियारों के बल पर सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस जांच में जुटी

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि गांधी पार्क में लगे सरस मेले से घर लौटते समय तीन युवकों ने हथियार के बल पर उसे अगवा कर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी।

पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि घटना 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। महिला अपने देवर के साथ मेले से लौट रही थी। आरोप है कि मोदी मैदान के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया, जो देवर के पूर्व परिचित बताए जा रहे हैं।

तहरीर के मुताबिक बातचीत के दौरान ही अचानक एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और दोनों को धमकाया। इसके बाद महिला को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके हाथ की उंगली पर चाकू से वार करने का भी आरोप है।

महिला का यह भी कहना है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment