आईपीएल सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये के खेल का सनसनीखेज खुलासा, सटोरिए रवि गुप्ता, रोहित और मोहित गिरफ्तार

आईपीएल सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये के खेल का सनसनीखेज खुलासा, सटोरिए रवि गुप्ता, रोहित और मोहित गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये के खेल का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी सी के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो सगे भाइयों समेत तीन सटोरियों को गिरफ्तार कर बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

इस मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आईपीएल मैचों में सट्टा खिलवा रहा था और प्रतिदिन लाखों रुपये का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी टीम ने मधुबन कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में छापा मारकर तीनों आरोपियों को आईपीएल मैच में सट्टा लगाते हुए गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता उर्फ झबरा , रोहित गुप्ता, मोहित प्रसाद शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग रोजाना 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित करता था और अब तक करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलवा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 51,100 रुपए नकद और एक क्रेटा वाहन बरामद कर सीज किया है।

मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम, जुआ एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इससे साफ है कि आरोपी पहले भी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2000 रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment