
घर में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, लालकुआं पहुंचकर मायके पक्ष ने किया हंगामा
लालकुआं। लालकुआं अंबेडकर नगर निवासी 20 वर्षीय नवविवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, लालकुआं के अंबेडकर नगर वार्ड नंबर एक निवासी मोइन खान की पत्नी अंजुम की रविवार सुबह किसी बात को लेकर अपने पति से मामूली कहासुनी हो गयी थी। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद पति अपने वाहन से काम के सिलसिले में जंगल चला गया, जबकि घर के अन्य सदस्य भी किसी कार्य से बाहर चले गए।
बताया जा रहा है इसी दौरान घर में मौजूद अंजुम ने कथित तौर पर कमरे में लगे पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जब परिजन वापस घर लौटे तो उन्होंने अंजुम को आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे में जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंजुम का शव फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि अंजुम और मोइन का विवाह करीब एक वर्ष पहले हुआ था। शादी के महज एक साल बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार और क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया है। वहीं सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग लालकुआं पहुंचे और उन्होंने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद के बाद उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी








