
हल्द्वानी: अमेजन स्टोर में लगी भीषण आग, अंदर सो रहे दो कर्मचारी जिंदा जले
हल्द्वानी। हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में दो कर्मचारियों की मौत हो गई। शहर के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में बने अमेजन के स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे स्टोर से धुआं और आग की लपटें उठती देख पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
दमकल कर्मियों को स्टोर का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद विकराल आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरा स्टोर जलकर खाक हो चुका था।
वहीं इस भीषण अग्निकांड के दौरान स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की आग में जलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के नाम गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।









