उत्तराखंड: आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कुमाऊं आईजी बनीं निवेदिता कुकरेती
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को जनहित और कार्यहित में तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को आगामी कुंभ मेला-2027, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शासन के आदेश के मुताबिक, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल को कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, सीसीटीएनएस और एससीआरबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था और तकनीकी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए यह महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है।
वहीं अब तक आईजी एसडीआरएफ के पद पर तैनात निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल बनाया गया है। कुमाऊं क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
आईजी प्रशिक्षण एवं राज्य मानवाधिकार आयोग के पद पर तैनात अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी नियुक्त किया गया है। अपराधों की जांच और खुफिया तंत्र को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, सीसीटीएनएस और एससीआरबी के पद पर कार्यरत सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, पीएसी एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बनाया गया है।
जबकि कुंभ मेला-2027 हरिद्वार की तैयारियों से जुड़े आईजी योगेन्द्र सिंह रावत को अब पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य में आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशनों की कमान अब उनके हाथों में होगी।
आईपीएस विम्मी सचदेवा को आईजी पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस नियुक्त किया गया है। वहीं कृष्ण कुमार वी.के. को आईजी यातायात एवं जीआरपी की जिम्मेदारी दी गई है।
जबकि नीलेश आनंद भरणे को पीएसी एवं पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है, उन्हें साइबर क्राइम, एसटीएफ, एएनटीएफ और एफएसएल से जुड़े कार्यों का दायित्व सौंपा गया है।
वहीं प्रतीक्षारत आईपीएस अधिकारी बरिंदरजीत सिंह को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय एवं पी एंड एम नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार ग्रहण प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।









