कैंची धाम से जोगेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो खाई में गिरी, 11 घायल

कैंची धाम से जोगेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो खाई में गिरी, 11 घायल

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कैंची धाम के दर्शन कर जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो वाहन बाड़ेछीना के पास करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन में सवार सभी 11 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धौलछीना क्षेत्र के बाड़ेछीना के निकट हुआ। बोलेरो (UK 03 TA 0097) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सात वयस्क और चार बच्चे सवार थे, जो कैंची धाम के दर्शन करने के बाद जागेश्वर धाम की ओर जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु परिवार टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद कैंची धाम पहुंचा था। दर्शन के बाद वे जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए, लेकिन बाड़ेछीना पहुंचने पर चालक भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना मार्ग की ओर मुड़ गया। करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ने पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो खाई में जा गिरी।

घायलों में चालक समेत कुल 11 लोग शामिल हैं। अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश के कानपुर और अयोध्या जिले के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक शेर सिंह को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हालांकि वाहन एक गधेरे में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा शुक्ला, दीपाली तिवारी समेत तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

News 24 Uk Up
Author: News 24 Uk Up

Leave a Comment